Homeदेश विदेशकांग्रेस घुसपैठियों को बचाने में लगी है, उनकी मदद से चुनाव जीतना...

कांग्रेस घुसपैठियों को बचाने में लगी है, उनकी मदद से चुनाव जीतना चाहती है: शाह

नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ को लेकर निशाना साधते हुए बुधवार को कहा कि विपक्षी पार्टी ने ‘घुसपैठियों को बचाने’ के लिए यह अभियान चलाया है क्योंकि यह उनकी मदद से चुनाव जीतना चाहती है. शाह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75वें जन्मदिन के मौके पर यहां त्यागराज स्टेडियम में एक कार्यक्रम में दिल्ली सरकार की 17 कल्याणकारी योजनाओं का उद्घाटन किया.

उन्होंने कहा, ”राहुल बाबा और कांग्रेस पार्टी ‘घुसपैठिया बचाओ’ रैली निकाल रहे हैं. वे चाहते हैं कि घुसपैठिए हमारी मतदाता सूची में बने रहें क्योंकि उन्हें भारत की जनता पर भरोसा नहीं है. वे घुसपैठियों की मदद से चुनाव जीतना चाहते हैं. भाजपा मतदाता सूची में मौजूद विसंगतियों को दूर करने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कवायद का समर्थन करती है.” कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध में बिहार में 14 दिन की 1,300 किलोमीटर लंबी ‘वोटर अधिकार यात्रा’ निकाली थी.

कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने आरोप लगाया है कि इस कवायद का उद्देश्य लोगों को उनके मताधिकार से वंचित करना है.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने ‘र्सिजकल और एयर स्ट्राइक’ के जरिये सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मोदी की सराहना की. गृह मंत्री ने कहा, ”उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिये पाकिस्तान को करारा जवाब दिया.” उन्होंने यह भी कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत 2027 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जायेगा.

उन्होंने कहा, ”पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह देश की अर्थव्यवस्था को दुनिया में 11वें स्थान पर छोड़कर गए थे. मोदी के नेतृत्व में हम दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गए हैं.” लोगों को स्वदेशी वस्तुएं खरीदने की सलाह देते हुए शाह ने कहा, ”22 सितंबर से दैनिक उपयोग की हर वस्तु पर जीएसटी (माल एवं सेवा कर) की दर नहीं होगी या न्यूनतम होगी. मैं सभी महिलाओं को अधिक खरीदारी करने की सलाह दूंगा. लगभग 395 सामान्य वस्तुएं हैं जिन पर शून्य या 5 प्रतिशत जीएसटी लगेगा.”

लोगों से स्वदेशी वस्तुएं खरीदने का आग्रह करते हुए उन्होंने कहा, ”जितना चाहें उतना खरीदें, लेकिन सुनिश्चित करें कि आप स्वदेशी वस्तुएं ही खरीदें. समृद्ध भारत के लिए स्वदेशी को ब­ढ़ावा देना हमारी आदत में शामिल होना चाहिए.” इस बात पर जोर देते हुए कि प्रधानमंत्री देश के 140 करोड़ लोगों को अपना परिवार मानते हैं, शाह ने उनके कल्याण के लिए अपना पूरा जीवन सर्मिपत करने के लिए उनकी प्रशंसा की.

शाह ने कहा कि देश को सुरक्षित बनाना, अर्थव्यवस्था को मजबूत करना, हर गरीब के घर तक सुविधाएं पहुंचाना और हर बच्चे के दिल में एक महान भारत का संकल्प जगाना – मोदी ने अपने 11 साल के कार्यकाल में ये सब हासिल किया है. उन्होंने कहा, ”देश मोदी की ऐतिहासिक उपलब्धियों को हमेशा याद रखेगा.” शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया और 60 करोड़ गरीबों को बुनियादी सुविधाएं प्रदान की गईं. उन्होंने कहा, ”आजादी के बाद पहली बार मोदी ने गरीबी में रहने वालों की सूची को छोटा किया है.”

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments