Friday, September 25, 2026
Homeछत्तीसगढ़मुख्यमंत्री बघेल ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग का प्रभार कृषि मंत्री...

मुख्यमंत्री बघेल ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग का प्रभार कृषि मंत्री रविंद्र चौबे को दिया

रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बृहस्पतिवार को राज्य के कृषि मंत्री रविंद्र चौबे को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग का प्रभार देने की घोषणा की. उल्लेखनीय है कि इस महीने की 16 तारीख को मंत्री टीएस सिंहदेव ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से इस्तीफा दे दिया था. हालांकि, सिंहदेव अन्य चार विभागों के मंत्री बने रहेंगे.

बघेल ने बृहस्पतिवार को मानसून सत्र के दूसरे दिन विधानसभा में पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग की जवाबदेही कृषि मंत्री रविंद्र चौबे को सौंपने की घोषणा की. नयी जवाबदेही के साथ ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रविंद्र चौबे अब संसदीय कार्य, कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव  प्रौद्योगिकी, पशुधन विकास, मछली पालन, जल संसाधन और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री होंगे. चौबे राज्य के बेमेतरा जिले के साजा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं. वह पूर्ववर्ती रमन सिंह सरकार (2009 से 2013) के दौरान नेता प्रतिपक्ष भी रह चुके हैं.

इस महीने की 16 तारीख को सिंहदेव ने विभिन्न कारणों का हवाला देते हुए पंचायत विभाग को यह कहते हुए छोड़ दिया था कि ”जन-घोषणा पत्र के विचारधारा के अनुरूप महत्वपूर्ण विषयों को दृष्टिगत रखते हुए, मेरा यह मत है कि विभाग के सभी लक्ष्यों को समर्पण भाव से पूर्ण करने में वर्तमान परिस्थितियों में स्वयं को असमर्थ पा रहा हूं. अतएव पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के भार से मैं अपने आप को पृथक कर रहा हूं.” सिंहदेव ने कहा था कि वह लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, बीस सूत्रीय कार्यान्वयन, वाणिज्यिक कर (जीएसटी) विभाग के मंत्री बने रहेंगे.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments