Homeछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ : लोकसभा के लिए निर्वाचित हुईं तीन महिलाएं

छत्तीसगढ़ : लोकसभा के लिए निर्वाचित हुईं तीन महिलाएं

रायपुर. छत्तीसगढ़ से लोकसभा के लिए नवनिर्वाचित 11 सदस्यों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं. 2019 लोकसभा चुनावों में भी तीन महिलाओं ने जीत हासिल की थी. सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए लोकसभा की 11 सीट में से 10 पर जीत हासिल की. कांग्रेस केवल एक सीट हासिल करने में सफल रही जबकि 2019 में पार्टी ने दो सीट पर जीत हासिल की थी. लोकसभा के लिए निर्वाचित 11 सांसदों में से तीन महिलाएं हैं, जिनमें दो भाजपा से और एक कांग्रेस से है. भाजपा और कांग्रेस ने इस बार तीन-तीन महिला उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारी थीं.

भाजपा की दो महिला उम्मीदवार रूपकुमारी चौधरी और कमलेश जांगड़े ने चुनाव में जीत हासिल की जबकि कांग्रेस की मौजूदा सांसद ज्योत्सना महंत अपनी सीट बचाने में सफल रहीं. भाजपा की उम्मीदवार सरोज पांडेय (कोरबा) और कांग्रेस की उम्मीदवार शशि सिंह (सरगुजा) और डॉक्टर मेनका देवी सिंह (रायगढ़) को हार का सामना करना पड़ा. पूर्व विधायक चौधरी ने महासमुंद सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार और पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू को 1,45,456 मतों के अंतर से हराया. चौधरी को 7,03,659 वोट मिले, जबकि साहू को 5,58,203 मत प्राप्त हुए.

इसी तरह, जांगड़े ने जांजगीर-चांपा (एससी) सीट पर कांग्रेस के शिवकुमार डहरिया को हराया, जो अनुसूचित जाति समुदाय के प्रभावशाली नेता और पूर्व मंत्री हैं. जांगड़े को 6,78,199 वोट और डहरिया को 6,18,199 वोट मिले. बहुजन समाज पार्टी के डॉ. रोहित डहरिया 48,501 वोटों के साथ जांजगीर-चांपा में तीसरे स्थान पर रहे.

एक अन्य आदिवासी-आरक्षित रायगढ़ सीट पर, कांग्रेस उम्मीदवार डॉ. मेनका देवी सिंह को भाजपा के राधेश्याम राठिया के हाथों 2,40,391 मतों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा. मेनका सारंगढ़ के पूर्ववर्ती राजघराने से ताल्लुक रखती हैं. वर्ष 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा की रेणुका सिंह (सरगुजा-एसटी) और गोमती साय (रायगढ़-एसटी) और कांग्रेस की ज्योत्सना महंत (कोरबा) तीन महिला विजयी हुईं थीं. पिछले साल हुए छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में 90 सदस्यीय विधानसभा में 19 महिलाएं निर्वाचित हुईं. इनमें से 11 कांग्रेस से और आठ भाजपा से हैं.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments