रायपुर। मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना (एमबीबीएस) के तहत छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) को 66 दिनों में बकाया बिजली बिलों से 60 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्राप्त हुई है। योजना के माध्यम से लाखों उपभोक्ताओं को सरचार्ज में राहत मिल रही है।
जानकारी के अनुसार, योजना में शामिल होकर अब तक सवा 7 लाख से अधिक बकायादार उपभोक्ताओं को 600 करोड़ रुपये से अधिक के सरचार्ज से छूट प्रदान की जा चुकी है। उपभोक्ताओं को एकमुश्त या आसान किस्तों में भुगतान की सुविधा भी दी गई है, जिससे बकाया राशि जमा करने में आसानी हो रही है।
बिजली कंपनी के अधिकारियों के मुताबिक, समाधान योजना 12 मार्च से शुरू हुई थी और 30 जून 2026 तक प्रभावशील रहेगी। योजना के तहत घरेलू, कृषि और बीपीएल श्रेणी के लाखों उपभोक्ताओं को लाभ मिल रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि कई मामलों में उपभोक्ताओं के बकाया बिल में मूल राशि से अधिक सरचार्ज जुड़ चुका था। योजना के तहत ऐसे उपभोक्ताओं का सरचार्ज पूरी तरह माफ कर राहत दी जा रही है। इससे बड़े बकायादार भी तेजी से भुगतान कर रहे हैं।
हालांकि सरकारी विभागों पर अब भी 2800 करोड़ रुपये से अधिक का बिजली बिल बकाया बताया जा रहा है। बिजली कंपनी ने विभागों से लंबित राशि के भुगतान की अपील की है ताकि राजस्व संग्रह और बिजली सेवाओं के विस्तार में मदद मिल सके।


