Friday, September 25, 2026
Homeदेश विदेशमंत्रिमंडल में फेरबदल, मंत्री पद की शपथ लेने वाले आठ विधायकों में...

मंत्रिमंडल में फेरबदल, मंत्री पद की शपथ लेने वाले आठ विधायकों में सात नये चेहरे शामिल

शिलांग. मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा ने अपनी गठबंधन सरकार के मंत्रिमंडल में मंगलवार को बड़ा फेरबदल किया, जिसके तहत आठ विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली इनमें सात नये चेहरे भी शामिल हैं. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. यह फेरबदल मंत्रिमंडल से आठ मंत्रियों को हटाए जाने के बाद किया गया. नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के टिमोथी डी शिरा, भाजपा के सनबोर शुल्लई, यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (यूडीपी) के मेतबाह लिंगदोह ने यहां राजभवन में आयोजित एक समारोह में शपथ ली.

एनपीपी के वेलादमिकी शायला, सोस्थनीज सोहटुन और ब्रेनिंग ए संगमा तथा ‘हिल स्टेट पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी’ (एचएसपीडीपी) के मेथोडियस दखार और यूडीपी के लाहकमेन रिम्बुई को भी मंत्रिपरिषद में शामिल किया गया. अधिकारियों ने बताया कि मेघालय मंत्रिमंडल में फेरबदल से पहले कुल 12 मंत्रियों में से आठ ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था. उन्होंने बताया कि एनपीपी-नीत मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस सरकार के प्रमुख मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा ने यहां राजभवन में राज्यपाल सी एच विजयशंकर से मुलाकात की और मंत्रियों के इस्तीफे सौंपे.

एक अन्य अधिकारी ने कहा, ”अपने पदों से इस्तीफा देने वाले आठ मंत्रियों में एनपीपी के अम्पारीन लिंगदोह, कॉमिंगोन यम्बोन, रक्कम ए. संगमा और अबू ताहिर मंडल, यूडीपी के पॉल लिंगदोह और किरमेन शायला, एचएसपीडीपी के शकलियार वारजरी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ए एल हेक शामिल हैं.” नियम के अनुसार, 60-सदस्यीय विधानसभा वाले मेघालय में मुख्यमंत्री सहित 12 से अधिक मंत्री नहीं हो सकते. अम्पारीन लिंगदोह कृषि और कानून विभाग की प्रभारी थीं, जबकि यम्बोन और रक्कम ए संगमा क्रमश: सहकारिता और शिक्षा विभाग संभालते थे. मंडल ऊर्जा मंत्री थे, पॉल लिंगदोह पर्यटन विभाग के प्रभारी थे, और किरमेन शायला के पास राजस्व और आपदा प्रबंधन विभाग था. शकलियार वारजरी खेल विभाग और एएल हेक पशुपालन विभाग के प्रभारी थे.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments