Friday, September 25, 2026
Homeदेश विदेशभाजपा ने पार्टी नेताओं के खिलाफ टिप्पणी करने पर त्रिपुरा के विधायक...

भाजपा ने पार्टी नेताओं के खिलाफ टिप्पणी करने पर त्रिपुरा के विधायक को कारण बताओ नोटिस जारी किया

अगरतला. त्रिपुरा में सत्तारूढ. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को अपने विधायक तफज्जल हुसैन को सांसद बिप्लब कुमार देब और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक के खिलाफ उनकी टिप्पणी के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया.
सिपाहीजला जिले के बक्सानगर में शनिवार को एक फुटबॉल मैच के दौरान हुसैन ने भौमिक और देब पर मैदान की गैलरी के निर्माण के लिए वित्तीय मदद नहीं करने का आरोप लगाया.

उन्होंने कहा, ”मैंने गैलरी के निर्माण के लिए धन मुहैया कराने के वास्ते प्रतिमा भौमिक और बिप्लब कुमार देब से संपर्क किया था, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया. जब मैंने इसके लिए राजीव भट्टाचार्य से अनुरोध किया, तो वे तुरंत सहमत हो गए और सांसद निधि से 50 लाख रुपये मंजूर कर दिए.” जब हुसैन बोल रहे थे, तब भाजपा की त्रिपुरा इकाई के अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य भी मंच पर मौजूद थे.
प्रदेश भाजपा महासचिव अमित रक्षित द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है, ”वरिष्ठ पार्टी नेताओं की इस तरह से सार्वजनिक रूप से आलोचना घोर अनुशासनहीनता और पार्टी आचार संहिता का जानबूझकर उल्लंघन है. आपके आचरण से न केवल पार्टी की छवि धूमिल हुई है बल्कि पार्टी नेतृत्व को भी र्शिमंदगी उठानी पड़ी है.”

इसमें कहा गया है, ”इसलिए भाजपा, त्रिपुरा प्रदेश के अध्यक्ष के निर्देशानुसार, आपको इस नोटिस की प्राप्ति के पांच दिन के भीतर कारण बताने का निर्देश दिया जाता है कि अनुशासनहीनता और पार्टी के मानदंडों के जानबूझकर उल्लंघन के ऐसे कृत्य के लिए आपके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों न की जाए.” नोटिस में कहा गया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब न देने पर उचित अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.

इससे पहले भट्टाचार्य ने कहा था कि इस तरह की ”पार्टी विरोधी” टिप्पणियों के लिए विधायक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ”मैं विधायक के बयान की कड़ी निंदा करता हूं. मैंने इस मामले में केंद्रीय नेतृत्व से बात की है. कड़ी कार्रवाई की जाएगी.” भट्टाचार्य ने कहा, ”हमें यह ध्यान रखना होगा कि बिप्लब कुमार देब राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और अब लोकसभा सदस्य हैं, और प्रतिमा भौमिक पूर्व केंद्रीय मंत्री हैं. वे पार्टी का अभिन्न अंग हैं.”

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments