Friday, September 25, 2026
Homeछत्तीसगढ़भाजपा नतीजों के तीन दिन बाद भी मुख्यमंत्री तय नहीं कर पाई,...

भाजपा नतीजों के तीन दिन बाद भी मुख्यमंत्री तय नहीं कर पाई, उससे सवाल क्यों नहीं : कांग्रेस

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में मुख्यमंत्रियों के नाम की घोषणा में ‘देरी’ को लेकर बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर कटाक्ष करते हुए कहा कि चुनाव नतीजों के तीन दिन बीत जाने के बावजूद भाजपा इन प्रदेशों में नाम तय नहीं कर पाई है. पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि आखिर भाजपा से इस ‘देरी’ के लिए सवाल क्यों नहीं किया जा रहा है, जबकि कांग्रेस से 24 घंटे में ही सवाल शुरू हो जाते हैं.

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”तीन दिसंबर को चुनाव परिणाम आए थे. उसके 24 घंटे के भीतर ही तेलंगाना के मुख्यमंत्री की नियुक्ति में तथाकथित ‘देरी’ के लिए मीडिया में सभी जगह कांग्रेस पार्टी की आलोचना होने लगी थी. हमारे मुख्यमंत्री की घोषणा तो परसों ही हो चुकी है और आज दोपहर एक बजे वह शपथ लेने जा रहे हैं.”

रमेश ने कहा, ”तीन दिन बीतने के बाद भी भाजपा छत्तीसगढ., मध्य प्रदेश और राजस्थान के लिए अपने मुख्यमंत्रियों की घोषणा तक नहीं कर पाई है. इसे उतनी ही बेचैनी और प्रमुखता से क्यों नहीं उठाया जा रहा है, जैसे कांग्रेस के समक्ष उठाया जाता है. क्या वास्तव में देर नहीं हो रही है?” कांग्रेस ने मंगलवार को तेलंगाना के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी प्रदेश इकाई के अध्यक्ष रेवंत रेड्डी के नाम की घोषणा कर दी थी. हालिया विधानसभा चुनाव में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ. और राजस्थान में भाजपा को जीत मिली है, जबकि तेलंगाना में कांग्रेस जीती है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments