Homeछत्तीसगढ़बिलासपुर : मालगाड़ी पटरी से उतरी, यातायात बाधित

बिलासपुर : मालगाड़ी पटरी से उतरी, यातायात बाधित

बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेल मंडल में एक मालगाड़ी के पटरी से उतरने के कारण यातायात बाधित हुआ है. अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल के अंतर्गत बिलासपुर-कटनी रेलखंड पर खोंगसरा और भनवारटंक स्टेशनों के बीच सुबह 11.11 बजे एक मालगाड़ी अप लाइन में पटरी से उतर गई. उन्होंने बताया कि कोयले से भरी मालगाड़ी बिलासपुर से कटनी की ओर रवाना हुई थी और खोंगसरा तथा भनवारटंक स्टेशनों के बीच उसके लगभग 20 डिब्बे पटरी से उतर गए.

अधिकारियों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद रेल विभाग का दल घटनास्थल पर पहुंच गया और मरम्मत कार्य शुरू कर दिया. इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. उन्होंने बताया कि घटना के कारण इस मार्ग पर परिचालन बाधित होने से कुछ यात्री गाड़ियों को परिर्वितत मार्ग से गंतव्य के लिए रवाना किया जा रहा है. अधिकारियों ने बताया कि इस मार्ग पर चलने वाली पुरी-योगनगरी ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस को परिर्वितत मार्ग बिलासपुर-गोंदिया-जबलपुर-कटनी मुरवारा के रास्ते रवाना किया जा रहा है.

उन्होंने बताया कि इसी तरह एमसीटीएम (ऊधमपुर) एक्सप्रेस को परिर्वितत मार्ग दुर्ग-गोंदिया- जबलपुर-कटनी मुरवारा के रास्ते रवाना किया जा रहा है. अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए बिलासपुर, रायगढ़, अनूपपुर, शहडोल, उसलापुर, दुर्ग, रायपुर और गोंदिया जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर सहायता केंद्र की स्थापना की गई है. उन्होंने बताया कि घटना के कारणों के बारे में अभी जानकारी नहीं मिली है और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments