Friday, September 25, 2026
Homeदेश विदेशबंगाल में आज से सुवेंदु सरकार! शपथ ग्रहण समारोह में मोदी-शाह समेत...

बंगाल में आज से सुवेंदु सरकार! शपथ ग्रहण समारोह में मोदी-शाह समेत 20+ CM, हजारों VVIP और लाखों कार्यकर्ता होंगे शामिल

कोलकाता:

पश्चिम बंगाल की राजनीति में नए अध्याय की शुरुआत आज होने जा रही है. भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी 9 मई 2026 को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में राज्य के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे. सुबह 11 बजे होने वाला यह भव्य समारोह तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन के अंत और भाजपा की ऐतिहासिक जीत का प्रतीक होगा.

इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी पहुंचेंगे. उनके अलावा भाजपा और NDA के कई बड़े चेहरे समारोह में शामिल होंगे. बताया जा रहा है कि भाजपा शासित राज्यों के 20 से ज्यादा मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री कोलकाता पहुंच रहे हैं या पहुंच चुके हैं.

कोलकाता में दिग्गजों का जमावड़ा

समारोह में केंद्रीय नेतृत्व का भी व्यापक जमावड़ा रहेगा, जिसमें भाजपा अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय पदाधिकारी शामिल होंगे. बंगाल भाजपा के प्रमुख नेता दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल समेत नवनिर्वाचित विधायक भी मौजूद रहेंगे.

ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां चल रही हैं.

ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां चल रही हैं.

एयरपोर्ट पर लगातार वीवीआईपी आगमन हो रहा है. अरुणाचल प्रदेश के सीएम पेमा खांडू, मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह, नागालैंड के सीएम नेफियू रियो, राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा, यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक, महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार, राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा और असम के हिमंत बिस्व सरमा समेत कई नेता कोलकाता पहुंच चुके हैं. मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव और हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी भी कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं.

‘सोनार बांग्ला’ की दिखेगी झलक

समारोह को ‘सोनार बांग्ला’ की व्यापक झलक देने की कोशिश की गई है. तृणमूल शासन के दौरान हुई हिंसा में मारे गए 200 से अधिक लोगों के परिवारों को विशेष आमंत्रण दिया गया है. इसके अलावा उद्योग जगत से संजय बुधिया और सज्जन भजंका जैसे कारोबारी, सांस्कृतिक जगत से प्रसिद्ध नर्तकी और अभिनेत्री ममता शंकर, लेखक, कलाकार और फिल्मी हस्तियां भी कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगी. न्यायपालिका से जुड़े कई मौजूदा और सेवानिवृत्त न्यायिक हस्तियों को भी आमंत्रित किया गया है.

सुवेंदु अधिकारी ने राज्यपाल से मिलकर पेश किया सरकार बनाने का दावा.

सुवेंदु अधिकारी ने राज्यपाल से मिलकर पेश किया सरकार बनाने का दावा.

भव्य आयोजन की तैयारियां

इस समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए बड़े पैमाने पर इंतजाम किए गए हैं. करीब 1,000 वीवीआईपी और 9,000 अन्य अतिथियों को न्योता भेजा गया है, जबकि लाखों समर्थकों के आने की संभावना जताई जा रही है. मुख्य स्थल पर 50,000 कुर्सियां लगाई गई हैं और भीड़ प्रबंधन के लिए 20 से अधिक एंट्री गेट बनाए गए हैं.

सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. लगभग 4,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जबकि कोलकाता पुलिस ने ट्रैफिक को लेकर विशेष एडवाइजरी जारी की है. वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए कई रूट डायवर्ट किए गए हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

PM का शेड्यूल और आगे का कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह करीब 10:30 बजे कोलकाता पहुंचेंगे और हेलीकॉप्टर के जरिए समारोह स्थल पहुंचेंगे. शपथ ग्रहण के बाद नई भाजपा सरकार की पहली कैबिनेट बैठक विधानसभा में होने की संभावना है. यह समारोह सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल की सियासत में बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है, जहां भाजपा पहली बार पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments