रायपुर। बस्तर अब सिर्फ नक्सल प्रभावित क्षेत्र की पहचान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि तेजी से विकास और राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों का केंद्र बनता जा रहा है। इसी कड़ी में आज जगदलपुर में पहली बार मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं उच्च स्तरीय बैठक आयोजित होने जा रही है। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे।
सीएम साय ने किया मुख्यमंत्रियों का स्वागत
बैठक में शामिल होने छत्तीसगढ़ पहुंचे मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव और उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान नेताओं के बीच कई समसायिक मुद्दों पर चर्चा भी हुई।
सुरक्षा, विकास और समन्वय पर रहेगा फोकस
सूत्रों के मुताबिक बैठक में अंतरराज्यीय समन्वय, आंतरिक सुरक्षा, नक्सल प्रभावित इलाकों के विकास और राज्यों के बीच बेहतर तालमेल जैसे अहम मुद्दों पर मंथन किया जाएगा। माना जा रहा है कि इस बैठक से मध्य क्षेत्र के राज्यों के बीच सहयोग और मजबूत होगा।
बदलते बस्तर की नई तस्वीर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बस्तर में इस तरह की बड़ी बैठक का आयोजन पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि जो बस्तर कभी नक्सली हिंसा के कारण चर्चा में रहता था, वही अब शांति, विश्वास और विकास की नई पहचान बन रहा है। देश के शीर्ष नेताओं का यहां पहुंचना बस्तर में बढ़ते भरोसे और सकारात्मक बदलाव का संकेत है।
बस्तर को मिल सकती है नई दिशा
राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि इससे बस्तर सहित पूरे क्षेत्र में विकास योजनाओं को नई गति मिलेगी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राज्यों के बीच बेहतर रणनीति तैयार हो सकेगी।


