15 जिलों के शाखा प्रबंधकों के साथ व्यवसायिक विकास पर मंथन, MSME उद्यमियों के लिए कस्टमर आउटरीच कार्यक्रम आज
बिलासपुर। बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक श्री दिवाकर प्रसाद सिंह के बिलासपुर दौरे के दौरान छत्तीसगढ़ के 15 जिलों के शाखा प्रबंधकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में बैंक के व्यवसायिक विकास, विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियों, निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति तथा ग्राहकों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।
बैठक में शाखाओं के व्यवसायिक प्रदर्शन की समीक्षा के साथ व्यवसाय विस्तार की संभावनाओं, ग्राहक सेवा को और बेहतर बनाने तथा बैंक की विभिन्न योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से ग्राहकों तक पहुंचाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। महाप्रबंधक श्री दिवाकर प्रसाद सिंह द्वारा शाखा प्रबंधकों को व्यवसायिक लक्ष्यों की प्राप्ति एवं ग्राहक-केंद्रित बैंकिंग सेवाओं को मजबूत करने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा।
MSME उद्यमियों से होगा सीधा संवाद
बैठक के पश्चात संध्या 7 बजे टाउन हॉल, बिलासपुर में MSME उद्यमियों के लिए कस्टमर आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र के MSME उद्यमियों को बैंक ऑफ बड़ौदा की विभिन्न MSME ऋण योजनाओं, उत्पादों एवं बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में उद्यमियों की वित्तीय आवश्यकताओं, व्यवसाय विस्तार एवं कार्यशील पूंजी से जुड़ी जरूरतों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। बैंक अधिकारियों द्वारा उद्यमियों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप उपलब्ध वित्तीय समाधानों की जानकारी दी जाएगी।
इसके साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने तथा व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए उपलब्ध वित्तीय अवसरों के संबंध में भी उद्यमियों को मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
बैंक ऑफ बड़ौदा का यह पहल MSME क्षेत्र को वित्तीय रूप से सशक्त बनाने, स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा उद्यमियों को उनकी व्यावसायिक आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर बैंकिंग समाधान उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


