वाराणसी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बीएचयू में सीआईआई बनारस बिनाले-2026 का औपचारिक शुभारंभ किया। सीएम ने पुस्तिका का विमोचन भी किया। सीएम योगी ने कहा कि बनारस बिनाले आर्थिकी व आस्था के बीच अद्भुत समन्वय का बेहतरीन प्रयास है। उन्होंने आशा जताई कि काशी की तरह बनारस बिनाले भी जीवंतता का प्रमाण बनेगा। मुख्यमंत्री ने डबल इंजन सरकार के कार्यों को गिनाते हुए कहा कि नीयत साफ, नीति स्पष्ट हो तो नियंता की कृपा भी बरसती है।
संस्कृति और अर्थव्यवस्था एक-दूसरे के पूरक
सीएम ने कहाकि संस्कृति और अर्थव्यवस्था एक-दूसरे के पूरक हैं। आस्था और आर्थिकी के रास्ते अलग हो सकते हैं, लेकिन मंजिल एक हैं। महाकुम्भ इसका उदाहरण है। विकास व विरासत के अद्भुत यात्रा का परिणाम है कि कभी बीमारू उत्तर प्रदेश को भारत के इकॉनमी के ग्रोथ इंजन के रूप में देखा जा रहा है। यूपी रेवेन्यू सरप्लस स्टेट है। देश के अंदर सर्वाधिक दो लाख करोड़ रुपये यूपी में कैपिटल एक्सपेंडिचर पर खर्च होता है।
संस्कृति, अध्यात्म, ज्ञान व संगीत की अद्भुत भूमि है काशी
सीएम योगी ने कहा कि अविनाशी काशी भारत की संस्कृति, अध्यात्म, ज्ञान व संगीत की अद्भुत भवभूमि है। जो काशी में है, वही सर्वत्र दिखाई देगा। जो यहां नहीं है, वह अन्यत्र भी दृष्टिगोचर नहीं होगा। मार्क ट्विन ने कहा था कि काशी इतिहास से भी पुरानी व परंपरा से भी प्राचीन है। काशी प्राचीन काल से ही आध्यात्मिक विरासत की केंद्रबिंदु रही है। यहीं से शास्त्रार्थ की परंपरा भी आगे बढ़ी और भारत की ज्ञान परंपरा की प्रतिस्पर्धा को सामर्थ्य देने का अद्भुत प्रयास हुआ।
काशी की पौराणिकता पर डाला प्रकाश
सीएम ने कहा कि अनेक कथाओं व पाणिनी की रचनाओं में काशी का उल्लेख मिलता है। सीएम ने काशी के वस्त्रों को लेकर भी चर्चा की। दुनिया के पहले सर्जन सुश्रुत ने भगवान धन्वतंरि से काशी में शल्य चिकित्सा का ज्ञान अर्जित किया था। यहां के विद्वानों ने सूर्य, चंद्र व ग्रहों का सटीक अनुमान लगाया था। काशी का पंचांग सबसे व्यावहारिक माना जाता है और लोग इसी के अनुरूप पर्व और मांगलिक कार्य करते हैं।
जो भी काशी आया, यहीं का होकर रह गया
सीएम योगी ने कहा कि काशी ने भारतीय साहित्य को भी कालजयी रचनाएं दी हैं। गोस्वामी तुलसीदास ने यहां रहकर रामचरित मानस की रचना की तो संत कबीर ने दोहे से समाज को नई दिशा दी। आधुनिक युग में मुंशी प्रेमचंद, जयशंकर प्रसाद, भारतेंदु हरिश्चंद्र ने काशी से हिंदी साहित्य को समृद्ध किया है। यहां संतों की लंबी परंपरा रही है। जो भी काशी आया, यहीं का होकर रह गया। जिसने जिस दृष्टि से काशी को देखा, उसे वैसे ही सृष्टि जीवन में देखने को मिली।
1995 में वेनिस व 2012 में कोच्चि में हुआ बिनाले
सीएम ने कहा कि बुद्ध ने ज्ञान के लिए सारनाथ को उपदेश की पहली भूमि के रूप में चुना। यहां भगवान पार्श्वनाथ का जन्म हुआ। बनारस बिनाले का कार्यक्रम काशी की अद्भुत परंपरा के साथ मेल खाता है। 1995 में वेनिस बिनाले से इसकी शुरुआत हुई और भारत में यह 2012 में प्रारंभ हुआ। अब यह वेनिस से कोच्चि और कोच्चि से काशी में पहुंच रहा है। काशी की विरासत उतना ही प्राचीन है, जितना दुनिया का इतिहास।
काशी केवल ट्रेडिशन तक मौजूद नहीं, इसने आधुनिकता को भी स्वीकारा
सीएम योगी ने कहा कि काशी की सांस्कृतिक परंपरा इसे जीवंत स्मारक के रूप में प्रस्तुत करती है। यहां घाट-गंगा की पावन धारा, वस्त्र-संगीत, ज्ञान की समृद्ध परंपरा भी है। यह केवल ट्रेडिशन तक मौजूद नहीं है, इसने आधुनिकता को स्वीकार करने में देर नहीं लगाई। परतंत्र भारत में 1916 में महामना ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना की। वैश्विक संवाद के लिए यहां कलाकार, क्यूरेटर, सांस्कृतिक संस्थाएं, विद्वान, शिल्पकार, प्रैक्टिसनर, देश-दुनिया के रचनाकार एक ही मंच पर काशी से संवाद करते दिख रहे हैं। काशी में हर जगह जीवंतता दिखेगी।
खानपान से जुड़ी लाखों लोगों की आजीविका को मिली काशी में गति
सीएम ने कहा कि काशी में बनारसी रेशम, जरी के साथ ओडीओपी उत्पाद भी दिखेंगे। नए खरीदार के साथ ही काशी को नया सम्मान भी मिलता है। कला का हर बड़ा आयोजन व पर्यटन, आतिथ्य, परिवहन, हस्तशिल्पी व खानपान से जुड़ी लाखों लोगों की आजीविका को काशी में गति भी मिली है।
नई परंपरा की नींव रख रहा है काशी बिनाले
सीएम ने आशा जताई कि बीएचयू का भारत कला भवन, ज्ञान प्रवाह, नागरी प्रचारिणी सभा, पेशवा हवेली, संग्रहालय, विश्वविद्यालय व उद्योग सांझी सांस्कृतिक यात्रा से जुड़े रहे हैं। काशी बिनाले का प्रथम संस्करण नई परंपरा की नींव रख रहा है। सदियों से ज्ञान की राजधानी काशी आधुनिक कला, संवाद की प्रमुख राजधानी के रूप में गिनी जाए। उक्त के साथ ही नमो घाट, प्रदर्शनियों, फिल्म, शिल्प व साहित्य के माध्यम से काशी की विरासत को नई दृष्टि मिल रही है। देश-दुनिया के कलाप्रेमियों से काशी को नजदीक से अवलोकन करने का आह्वान करते हुए उन्हें काशी के अनुरूप जीकर अनुभव करने का आग्रह किया।
विरासत और विकास पर विश्वास करती है उप्र सरकार
सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन की उप्र सरकार विरासत और विकास पर विश्वास करती है। हमें ट्रेडिशनल नॉलेज के साथ मॉडर्न टेक्नोलॉजी भी चाहिए। हम दोनों को साथ लेकर चल रहे हैं। काशी विश्वनाथ धाम प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा का प्रतिनिधित्व करता है। यहां के 84 घाट ऐतिहासिक यात्रा को नई ऊंचाई प्रदान करते हैं। गंगा आरती, नमो घाट, अलकनंदा क्रूज, गंगा विलास जैसी पर्यटन सुविधाओं की अनुभूति भी की जा सकती है। वाराणसी साड़ी व हस्तशिल्प को ओडीओपी के जरिए ई-कॉमर्स के जरिए वैश्विक बाजार से जोड़ रहे हैं।
आस्था के केंद्रों के सम्मान से लोकल इकॉनमी को मिलती है गति
सीएम ने कहा कि अब यहां रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर, विश्व स्तरीय रेलवे स्टेशन, इंटरनेशल एयरपोर्ट, सिमलेस कनेक्टिविटी के सफल प्रयास हुए हैं। भारत का पहला अर्बन रोपवे बहुत जल्द शुरू होने वाला है। इन प्रयासों ने दिखाया है कि जब आस्था के केंद्रों का सम्मान होता है तो केवल मंदिर नहीं, बल्कि पूरा लोकल इकॉनमी को भी गति मिलती है। पर्यटन बढ़ता है और कारीगर को बाजार मिलता है तो नाविक, होटल, ट्रांसपोर्ट, व्यापारियों से जुड़े लाखों परिवारों को रोजगार मिलता है।
उद्योग की पहली आवश्यकता सुरक्षित माहौल
सीएम ने कहा कि उद्योग की पहली आवश्यकता सुरक्षित माहौल है। अपराध व अपराधियों के प्रति सरकार ने जीरो टॉलरेंस की नीति साढ़े नौ वर्ष पहले अपनाई थी, जो अनवरत चल रही है। एक जिला-एक मेडिकल कॉलेज के बाद एक जिला- एक विश्वविद्यालय और ओडीओसी की तरफ कदम बढ़े हैं। स्ट्रांग लॉ एंड ऑर्डर, एक्सीलेंस कनेक्टिविटी, विश्व स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर, डेडिकेटेड इंड्स्ट्रियल लैंड बैंक व इंड्स्ट्री रेडी वर्क फोर्स ने निवेश व उद्योग विकास के नए अध्याय का शुभारंभ किया है।
नीयत साफ, नीति स्पष्ट हो तो नियंता की कृपा भी बरसती है
सीएम योगी ने तुलनात्मक आंकड़े के जरिए यूपी के विकास को भी बताया। कहा कि आजादी के बाद से 2017 तक यूपी में 14 हजार बड़े कारखाने लगे थे, आज यूपी में 2017 से 2026 तक 35 हजार बड़े कारखाने लगे हैं यानी जब नीयत साफ, नीति स्पष्ट हो तो नियंता कृपा भी करते हैं।
आज डेटा सेंटर, ईवी, डिफेंस मैन्युफेक्चरिंग, सेमीकंडक्टर और इमर्जिंग सेक्टर यूपी की औद्योगिक शक्ति को नई ऊंचाई दे रहे हैं। उद्योगों की मांग के अनुरूप लाखों आईटीआई व डिप्लोमा होल्डर के साथ दो लाख से अधिक स्टेम ग्रेजुएट को इंड्स्ट्री रेडी वर्क फोर्स के रूप में प्रतिवर्ष प्रशिक्षित कर रहे हैं। 2017 से अब तक 50 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
इस दौरान प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर, दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, रविंद्र जायसवाल, हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी, विधायक नीलकंठ तिवारी, अवधेश सिंह, बीएचयू के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी, सीआईआई बनारस बिनाले के अध्यक्ष माधव सिंहानिया, डीजी चंद्रजीत बनर्जी आदि मौजूद रहे।


