Homeदिल्लीकारसेवकों पर गोली चलवाने के लिए रामलला से माफी भी मांगें अखिलेश,...

कारसेवकों पर गोली चलवाने के लिए रामलला से माफी भी मांगें अखिलेश, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का सपा प्रमुख पर तीखा हमला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और भाजपा सांसद रवि किशन ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। ब्रजेश पाठक ने कहा कि अखिलेश अयोध्या जाएं तो निहत्थे कारसेवकों पर गोली चलवाने के लिए प्रभु श्रीराम से माफी भी मांगें। वहीं, रवि किशन ने कहा कि अखिलेश जब रामलला के दर्शन के लिए जाएं तो अपने बड़े भाई राहुल गांधी को भी साथ ले जाएं और दोनों बैठकर मंदिर निर्माण का विरोध करने के लिए प्रायश्चित भी करें।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि जिस पार्टी के शासनकाल में अयोध्या में निहत्थे कारसेवकों पर गोलियां चलवाई गई थीं, आज उसी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामलला के दर्शन करने की बात कह रहे हैं। उन्होंने कहा सपा के लोगों ने हमेशा भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल खड़े किए और अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण का विरोध किया। पाठक ने कहा कि यह प्रभु श्रीराम की कृपा और सनातन संस्कृति का प्रभाव है कि आज अखिलेश का हृदय परिवर्तन हुआ है। सनातन संस्कृति की बढ़ती ताकत से सपा घबराई हुई है।

'काशी और मथुरा पर क्यों कुछ नहीं बोलते अखिलेश?'
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव अयोध्या जा रहे हैं तो उन्हें काशी और मथुरा को लेकर भी अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। वह खुद को भगवान श्रीकृष्ण का भक्त बताते हैं, लेकिन श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े मुद्दे पर कुछ नहीं बोलते। यदि वह वास्तव में सनातन संस्कृति का सम्मान करते हैं तो उन्हें राम मंदिर जाकर मथुरा में भव्य मंदिर निर्माण की घोषणा भी करनी चाहिए।

'भगवान राम को काल्पनिक बताने वाले भी आज दर्शन की बात कर रहे'
रवि किशन ने कहा कि आज अखिलेश यादव रामलला के दर्शन की बात कर रहे हैं, लेकिन पहले उन्हें मौन रहकर यह सोचना चाहिए कि क्या अयोध्या में निहत्थे कारसेवकों पर गोलियां चलवाना और मंदिर निर्माण का विरोध करना सही था? जो भगवान राम को ही काल्पनिक बताते थे, आज वे भी उन्हीं की शरण में जाने की बात कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी-योगी ने करोड़ों रामभक्तों को उनके आराध्य का भव्य मंदिर दिया है। यह मंदिर सभी हिंदुओं के लिए है और हर किसी को यहां दर्शन के लिए जाना चाहिए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments