रायपुर। स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘सेवा संकल्प कार्यक्रम’ के अंतर्गत रायपुर के मठपारा, उरकुरा में ‘आंगन मिलन सेवा’ शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, माताओं एवं बच्चों तक स्वास्थ्य, पोषण और शासन की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी एवं सुविधाएं पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्र के पार्षद श्री दीपक जी, श्री शरद जी एवं अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य केंद्र उरकुरा (मठपारा) की ए.एन.एम. सुश्री ज्योति कश्यप, एम.पी.डब्ल्यू. श्री शिवराज सिंह पैकरा एवं जे.एस.ए. श्री डोमेश सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त प्रयास की सराहना करते हुए इसे जनहित में उपयोगी पहल बताया।
शिशु एवं मातृ स्वास्थ्य पर विशेष जानकारी
शिविर में नवजात शिशुओं, माताओं एवं गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न विषयों पर परामर्श दिया गया। नियमित टीकाकरण, पोषण आहार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं तथा उपलब्ध विभागीय सुविधाओं के संबंध में उपस्थित लोगों को आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
टीबी एवं कुष्ठ रोग की स्क्रीनिंग
शिविर में क्षय रोग (TB) एवं कुष्ठ रोग (लेप्रोसी) से संबंधित स्वास्थ्य स्क्रीनिंग एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। नागरिकों को इन रोगों के संभावित लक्षणों, समय पर जांच कराने की आवश्यकता तथा शासन द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले निःशुल्क उपचार के संबंध में जानकारी दी गई।
आयुष्मान कार्ड के लिए जागरूकता एवं पंजीयन
नागरिकों को आयुष्मान कार्ड के महत्व एवं इससे मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी गई। पात्र हितग्राहियों को कार्ड बनवाने की प्रक्रिया के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया तथा पंजीयन में आवश्यक सहयोग दिया गया।
उप-स्वास्थ्य केंद्र की निःशुल्क सेवाओं की जानकारी
गर्भवती महिलाओं, बच्चों एवं आम नागरिकों को उप-स्वास्थ्य केंद्र (SHC) में उपलब्ध निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं, नियमित स्वास्थ्य जांच, आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं दवाओं के संबंध में जानकारी दी गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को उपलब्ध सेवाओं का नियमित रूप से लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
मठपारा उरकुरा में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, महिलाओं एवं बच्चों ने सहभागिता की और स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित सेवाओं तथा परामर्श का लाभ उठाया। विभागीय समन्वय से आयोजित इस पहल के माध्यम से समुदाय स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता एवं शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को मजबूत करने का प्रयास किया गया।


