Homeछत्तीसगढ़कुकदा डैम में बड़ा हादसा: रायपुर से पिकनिक मनाने गए युवक-युवती की...

कुकदा डैम में बड़ा हादसा: रायपुर से पिकनिक मनाने गए युवक-युवती की डूबने से मौत

राजिम। गरियाबंद जिले के पाण्डुका थाना क्षेत्र अंतर्गत कुकदा पिकअप वियर (डैम) में आज दर्दनाक हादसा हो गया। रायपुर से पिकनिक मनाने पहुंचे एक युवक और युवती की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर के शंकर नगर इलाके से चार लोग कार में सवार होकर कुकदा डैम घूमने और पिकनिक मनाने पहुंचे थे। इसी दौरान युवक और युवती डैम में नहाने उतरे, लेकिन पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगने के कारण दोनों डूब गए। मौके पर मौजूद उनके दो अन्य सहयोगियों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। हादसे में मृत युवती की पहचान 22 वर्षीय सिंपी सक्सेना के रूप में हुई है, जबकि युवक की पहचान 30 वर्षीय पीयूष मंडल के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही पाण्डुका पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों के शवों को बाहर निकाला गया।

एसडीओपी ने दी मामले की जानकारी 
एसडीओपी निशा सिन्हा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में नहाने के दौरान गहराई में चले जाने से डूबने की बात सामने आई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि डैम और पिकनिक स्पॉट पर नहाने के दौरान विशेष सावधानी बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें।

लापरवाही के कारण हुआ हादसा 
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुकदा डैम में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। हर साल यहां पिकनिक मनाने आने वाले लोग थोड़ी सी लापरवाही के कारण अपनी जान गंवा बैठते हैं। इसके बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से लगातार हादसे सामने आ रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments