रूस और यूक्रेन के बीच चल रही जंग ने अब एक बेहद दर्दनाक मोड़ ले लिया है। रूस पर यूक्रेन द्वारा किए गए अब तक के सबसे बड़े ड्रोन हमलों में एक भारतीय नागरिक (वर्कर) की मौत हो गई है। रविवार को रूस स्थित भारतीय दूतावास ने इस दुखद घटना की पुष्टि की है। शनिवार और रविवार की दरमियानी रात को हुए इस हमले में एक भारतीय की जान जाने के अलावा तीन अन्य भारतीय नागरिक गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं।
भारतीय दूतावास ने जताया दुख
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर एक आधिकारिक बयान जारी कर इस घटना की जानकारी दी। दूतावास ने बताया कि मॉस्को क्षेत्र में हुए इस ड्रोन हमले के तुरंत बाद भारतीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल जाकर घायल भारतीय नागरिकों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। हालांकि, अभी तक मारे गए भारतीय नागरिक की पहचान उजागर नहीं की गई है।
दूतावास हर संभव मदद देने में जुटा
दूतावास ने अपने बयान में कहा, “आज मॉस्को क्षेत्र में एक ड्रोन हमले के परिणामस्वरूप भारत के एक नागरिक की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। दूतावास के कर्मचारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और अस्पताल में पीड़ितों से मुलाकात की।” दूतावास ने मृतक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और कहा है कि स्थानीय अधिकारियों और कंपनी प्रबंधन के साथ मिलकर घायलों को हर संभव सहायता दी जा रही है।
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने की हमले की पुष्टि
दूसरी तरफ, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने रूस पर हुए इस भीषण ड्रोन हमले की पुष्टि की है। जेलेंस्की ने हमले का एक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि यह कार्रवाई रूस के लिए एक सीधा संदेश है कि मॉस्को को अब इस युद्ध को खत्म करना होगा। उन्होंने इस सटीक हमले के लिए यूक्रेन की सुरक्षा सेवा (SBU) और रक्षा बलों की जमकर तारीफ की है।
सीमा से 500 किमी दूर हुआ हमला, कुल 4 लोगों की गई जान
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि यह हमला यूक्रेन की सीमा से 500 किलोमीटर से भी अधिक की दूरी पर किया गया। मॉस्को क्षेत्र में रूस की हवाई रक्षा प्रणाली (Air Defense) सबसे मजबूत है, लेकिन यूक्रेनी सेना ने इसे भेदने में कामयाबी हासिल की। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, इस हमले में भारतीय नागरिक समेत कुल 4 लोगों की मौत हुई है। इसमें खिमकी में अपने घर के पास मारी गई एक महिला और पोगोरेल्की गांव के दो पुरुष शामिल हैं। इस हमले में दर्जनों लोग घायल भी हुए हैं।


