Homeखेलवाराणसी में 63वीं राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप का आगाज 29 नवंबर से, 30...

वाराणसी में 63वीं राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप का आगाज 29 नवंबर से, 30 लाख की इनामी राशि पर होगी जंग

 वाराणसी

देश के दिग्गज शतरंज खिलाड़ियों की चाल और रणनीति का मुकाबला 29 नवंबर से काशी में देखने को मिलेगा। बाबतपुर स्थित सेठ एमआर जैपुरिया स्कूल परिसर में नौ दिसंबर तक 63वीं सेठ एमआर जैपुरिया राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप आयोजित होगी। जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में होने वाली प्रतियोगिता का नेतृत्व डीएम और वीडीए के उपाध्यक्ष कर रहे हैं।

उत्तर प्रदेश चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन और वाराणसी शतरंज संघ के सहयोग से आल इंडिया चेस फेडरेशन के तत्वावधान में होने वाली प्रतियोगिता में 33 राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और संस्थागत इकाइयों के खिलाड़ी भाग लेंगे। मुकाबले अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ के नियमों के तहत स्विस प्रणाली से 11 चक्रों में खेले जाएंगे।

चयनित खिलाड़ियों को विश्व स्तरीय स्पर्धाओं में भारतीय दल का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। पत्रकार वार्ता में उत्तर प्रदेश चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव एके रायजादा और आयोजन समिति के अध्यक्ष दीपक कुमार बजाज ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों के लिए मास्टर क्लास और विशेष गतिविधियां भी होंगी। काशी की संस्कृति को दर्शाता शुभंकर 'कौतिक' आयोजन का आकर्षण रहेगा। आयोजन सचिव विजय कुमार और संयोजक तुषार सारस्वत हैं।

22 ग्रैंडमास्टर और 30 इंटरनेशनल मास्टर होंगे शामिल
प्रतियोगिता में देशभर के 500 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इनमें 22 ग्रैंडमास्टर और 30 इंटरनेशनल मास्टर शामिल हैं। शीर्ष 10 खिलाड़ियों को कुल 30 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। विजेता को छह लाख, उपविजेता को पांच लाख और तीसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को चार लाख रुपये मिलेंगे। चौथे स्थान पर तीन लाख, पांचवें और छठे स्थान पर ढाई-ढाई लाख, सातवें और आठवें स्थान पर दो-दो लाख तथा नौवें और दसवें स्थान पर डेढ़-डेढ़ लाख रुपये दिए जाएंगे। प्रतियोगिता में 80 फिडे रेटेड खिलाड़ी भी भाग लेंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments