Homeछत्तीसगढ़राजनंदगांव: कार में आग लगने से दंपत्ति और उनकी तीन बेटियों की...

राजनंदगांव: कार में आग लगने से दंपत्ति और उनकी तीन बेटियों की मौत

राजनादगांव. छत्तीसगढ़ के राजनादगांव जिले में शुक्रवार को एक पुलिया की रेलिंग से टकराने के बाद एक कार में आग लगने से एक व्यापारी, उसकी पत्नी और उनकी तीन बेटियों की जलकर मौत हो गई. राजनांदगांव जिले के पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने शुक्रवार को यहां बताया कि जिले के ठेलकाडीह थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिंगारपुर गांव के करीब कार में आग लगने से खैरागढ़ निवासी सुभाष कोचर, उनकी पत्नी कांति कोचर और तीन बेटियां भावना, वृद्धि और पूजा की जलकर मौत हो गई. दंपति की तीनों बेटियों की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है. उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया और जले हुए शवों को बाहर निकाला.

सिंह ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि खैरागढ़ के व्यापारी सुभाष कोचर अपने परिवार के साथ अल्टो कार में सवार होकर शादी समारोह में शामिल होने बालोद गए थे. वापसी के दौरान जब उनकी कार रात लगभग दो बजे सिंगारपुर गांव के करीब पहुंची तब दुर्घटनाग्रस्त हो गई और उसमें आग लग गई. इस घटना में कार सवार सभी लोगों की मृत्यु हो गई. पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार कार पुलिया की रेलिंग से टकराकर पलट गई और सड़क से फिसल गई. इसके बाद कार में आग लग गई, जिसके कारण उसमें सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.’’

सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद ही इस संबंध में अधिक जानकारी मिल सकेगी. इधर राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुर्घटना में परिवार की मौत पर दुख जताया है तथा कोचर परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments