Homeछत्तीसगढ़केंद्र सरकार के आदिम जाति कल्याण विभाग ने दी 435 करोड़ रुपये...

केंद्र सरकार के आदिम जाति कल्याण विभाग ने दी 435 करोड़ रुपये की स्वीकृति, शेष राशि राज्य सरकार देगी

रायपुर

आजादी के 79 वर्ष बाद भी छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के कई गांव बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित हैं। नक्सलवाद और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण लंबे समय तक इन गांवों तक ग्रिड से निर्बाध बिजली पहुंचाना चुनौती बना रहा। अब इन गांवों को रोशन करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। 

 माननीय मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के नेतृत्व में अब इन गांवों को रोशन करने की दिशा में पहल की गई है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ के चेयरमेन  सुबोध कुमार सिंह एवं ऊर्जा सचिव  सारांश मित्तर के दिशा-निर्देश में कार्य आरंभ कर दिया गया है। 

छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक  भीम सिंह कंवर ने बताया कि इन वंचित दूरस्थ गांवों तक ग्रिड के माध्यम से निर्बाध विद्युत सुविधा पहुंचाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। 435 करोड़ की स्वीकृति केन्द्र सरकार के आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा दी गई है, शेष राशि राज्य सरकार द्वारा दी जाएगी। 

कंपनी के कार्यपालक निदेशक (परियोजना), रायपुर कार्यालय द्वारा 23 नवंबर 2026 को जारी निविदा सूचना के अनुसार बस्तर संभाग के सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर क्षेत्र के गांवों में विद्युतीकरण के लिए टेंडर आमंत्रित किए गए हैं।

निविदा में शामिल प्रमुख गांवों में बीजापुर जिले के मेटापाल, चोकखनपाल, पदमूर, कोरमेटा, हल्लूर, मल्लेपल्ली, बेलामलेंद्र एवं गुंजाकोंटा शामिल हैं। सुकमा जिले के ताड़मेटला, तेतराई, तुमलपाड़-2, करिगंडम, सिंगारम, मोसलमडगु-2, कोसामपाड़, पालेकाटी एवं दुर्मा में भी विद्युतीकरण किया जाएगा। दंतेवाड़ा जिले के लावा और नारायणपुर जिले के वाकुड गांव को भी इस योजना में शामिल किया गया है।

जारी निविदा में कुल नौ कार्य शामिल हैं, जिनकी अनुमानित लागत लगभग 13 करोड़ 68 लाख रुपये है। निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 15 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।

यह पहल उन ग्रामीण परिवारों के लिए उम्मीद की नई किरण है, जो दशकों से बिजली जैसी बुनियादी सुविधा का इंतजार कर रहे हैं। अब आवश्यकता है कि निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर विद्युतीकरण का कार्य धरातल पर प्रारंभ कराया जाए।

बिजली केवल सुविधा नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास की बुनियादी जरूरत है। बस्तर के इन गांवों में बिजली पहुंचना उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।

बाक्स

यह योजना बस्तर के हर व्यक्ति के विकास के लिये मील का पत्थर साबित होगी। इसके तहत कार्य आरंभ कर दिया गया है। शेष 161 गांवों में विद्युतीकरण के लिये निविदा शीघ्र जारी की जाएगी। 50 गांव टाइगर रिजर्व क्षेत्र में आते हैं, वहां माइक्रो ग्रिड तैयार कर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। 

भीम सिंह कंवर, प्रबंध निदेशक, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी, रायपुर

*समाचार क्रमांक: CSPC-DGM(PR) 2026/179*

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments