Homeमध्य प्रदेशसब्जी मंडी हटाने पर इंदौर में हंगामा, कांग्रेस नेता सोनिला मिमरोट पर...

सब्जी मंडी हटाने पर इंदौर में हंगामा, कांग्रेस नेता सोनिला मिमरोट पर पुलिस ने दर्ज की FIR

इंदौर

 इंदौर शहर के फूटी कोठी चौराहे पर बुधवार को फ्लाईओवर के नीचे सब्जी दुकानें लगाने की बात को लेकर जमकर हंगामा हो गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्साए लोगों ने सड़क और पुलिस-निगम की टीम पर सब्जियां फेंकनी शुरू कर दीं. इस दौरान नगर निगम के एक कर्मचारी से मारपीट की गई और पुलिसकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की हुई. मौके पर तनाव बढ़ता देख पुलिस ने नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट और कांग्रेस पार्षद राजू भदोरिया समेत कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया है। 

प्रदर्शनकारियों ने फेंकी सब्जियां
बताया जा रहा है कि फूटी कोठी चौराहे पर बने फ्लाईओवर के नीचे सब्जी विक्रेता दुकानें लगाने की जिद पर अड़े थे. यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण को देखते हुए जब नगर निगम की टीम मौके पर कार्रवाई करने पहुंची, तो दुकानदारों ने विरोध शुरू कर दिया. कुछ ही देर में वहां जोरदार नारेबाजी होने लगी और हालात बेकाबू हो गए. प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम के कर्मचारियों और पुलिस बल पर सब्जियां फेंककर अपना गुस्सा जाहिर किया। 

कांग्रेस नेता ने जड़ा थप्पड़
विवाद की सूचना मिलते ही कांग्रेस के नेता भी मौके पर पहुंच गए. उन्होंने निगम और पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. हंगामे के बीच आरोप है कि नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने निगम कर्मचारी सचिन को थप्पड़ जड़ दिया. इसके बाद मौके पर कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और विवाद शुरू हो गया। 

हिरासत में लिए कांग्रेस नेता
स्थिति को काबू करने के लिए चौराहे पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा. एडिशनल डीसीपी (ADCP) दिशेष अग्रवाल ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला. पुलिस ने हंगामा कर रहे नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट, कांग्रेस पार्षद राजू भदोरिया और दूसरे प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। 

तनावपूर्ण बना माहौल
फिलहाल हिरासत में लिए गए सभी नेताओं को द्वारकापुरी थाने में बैठाया गया है. इस कार्रवाई की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता द्वारकापुरी थाने के बाहर जमा होने लगे हैं, जिससे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है. पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। 

पुलिस ने दर्ज की FIR
इंदौर सब्जी मंडी विवाद में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है. पुलिस ने नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट सहित कई लोगों पर FIR दर्ज की हैं. निगम कर्मचारी के साथ मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है. कांग्रेस शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि भाजपा के दबाव में पुलिस ने FIR दर्ज की है. दूसरी तरफ सोनिला मिमरोट ने आरोपों का बचाव करते हुए कहा कि वीडियो में थप्पड़ नहीं, बल्कि धक्का-मुक्की दिखाई दे रही है। 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments