Homeमध्य प्रदेशआयुक्त भोंडवे ने छिंदवाड़ा में विकास कार्यों का किया निरीक्षण

आयुक्त भोंडवे ने छिंदवाड़ा में विकास कार्यों का किया निरीक्षण

भोपाल
नगरीय विकास एवं आवास विभाग आयुक्त तथा मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी प्रबंध संचालक संकेत भोंडवे ने शुक्रवार को छिंदवाड़ा प्रवास के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगरीय अधोसंरचना परियोजनाओं का मुख्य ध्येय नागरिकों को उत्कृष्ट, सुलभ एवं पर्यावरण-अनुकूल नागरिक सुविधाएं प्रदान करना है। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा विश्वबैंक सहायतित सीवरेज परियोजना के मलजल शोधन संयंत्र (एसटीपी) के प्रभावी व निरंतर संचालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भोंडवे ने कहा कि शहरी व्यवस्था को स्वच्छ, सुदृढ़ और जन-आकांक्षी बनाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

आयुक्त संकेत भोंडवे ने 'मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान' के अंतर्गत छिंदवाड़ा नगर निगम क्षेत्र में निर्माणाधीन आधुनिक फायर स्टेशन के कार्यों का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर निर्माण की प्रगति एवं प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता की जानकारी ली तथा कार्य को समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके बाद मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी द्वारा संचालित एवं विश्वबैंक सहायतित सीवरेज परियोजना के मलजल शोधन संयंत्र (एसटीपी) की कार्यप्रणाली, दैनिक संचालन तथा संधारण (मेंटेनेंस) व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया।

श्री भोंडवे ने नगर निगम छिंदवाड़ा के प्रशासनिक कार्यालय का भी निरीक्षण कर निगम की प्रशासनिक व्यवस्थाओं, जन-शिकायत निवारण तंत्र एवं नागरिक सेवाओं के सुचारू संपादन का जायजा लिया।

निरीक्षण में मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी के प्रमुख अभियंता आनंद सिंह, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के कार्यपालन यंत्री जीवेंद्र सिंह, नगर निगम छिंदवाड़ा के आयुक्त सी.पी. राय, अर्बन डेवलपमेंट कंपनी के परियोजना प्रबंधक गोपाल गुप्ता सहित विभाग एवं नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments