Homeमध्य प्रदेशशराब कांड में आनंद कासलीवाल पर शिकंजा, गिरफ्तारी के बाद कोर्ट में...

शराब कांड में आनंद कासलीवाल पर शिकंजा, गिरफ्तारी के बाद कोर्ट में बिगड़ी हालत

देवास

 देवास के बहुचर्चित चंदाना केमिकलयुक्त शराब मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कांग्रेस नेता आनंद कासलीवाल को भी गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस पूर्व में आनंद कासलीवाल के पुत्र अमन कासलीवाल को जहरीला केमिकल (मेथनॉल) बेचने के संदेह और साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार कर चुकी है।

गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस आनंद कासलीवाल को न्यायालय में पेशी के लिए ले गई, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद पुलिस ने उन्हें तत्काल देवास जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
केमिकल सप्लायरों तक पहुंची पुलिस की जांच, अब तक 11 गिरफ्तार

देवास के चंदाना क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और संदिग्ध मौतों के मामले में पुलिस की पड़ताल अब अवैध केमिकल नेटवर्क की जड़ों तक पहुंच गई है। मामले में कोतवाली पुलिस ने इंदौर निवासी अमन (पिता आनंद कासलीवाल) को प्रकरण में आरोपित बनाकर पूर्व में ही गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया था कि अमन ने अवैध व केमिकलयुक्त शराब बनाने वाले गिरोह को घातक केमिकल बेचा था।

इस संवेदनशील मामले की शुरुआत 15 और 18 अक्टूबर को क्षेत्र में हुई दो संदिग्ध मौतों की मर्ग जांच से हुई थी। जांच के दौरान मृतकों के परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने चंदाना निवासी विनोद जायसवाल द्वारा अवैध शराब बेचे जाने की अहम जानकारी पुलिस को दी थी।

कार की डिक्की से छह पेटी अवैध शराब बरामद

मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 26 अक्टूबर को पुलिस ने प्रतापनगर-अंबेडकर नगर नाकाबंदी के दौरान मुख्य आरोपित विनोद जायसवाल, अजय राठौर और रामेश्वर सोनगरा को धर दबोचा था। तलाशी लेने पर आरोपितों की कार की डिक्की से छह पेटी अवैध शराब बरामद की गई थी। पुलिस की सघन पूछताछ और कार्रवाई की कड़ी में अब तक कुल 11 आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। क्षेत्र में इस बात की भी प्रबल आशंका और चर्चा है कि चंदाना में हुई मौतें इसी घातक केमिकलयुक्त शराब के सेवन के कारण हुई थीं।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments