Homeछत्तीसगढ़स्कूल में बिजली-व्यवस्था और क्लासेस की मांग, छात्राओं ने कलेक्ट्रेट तक निकाला...

स्कूल में बिजली-व्यवस्था और क्लासेस की मांग, छात्राओं ने कलेक्ट्रेट तक निकाला पैदल मार्च

अंबिकापुर.

सरगुजा जिले के शिवपुर स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय में बदहाल व्यवस्थाओं से परेशान 45 छात्राओं ने सोमवार को प्रशासन का ध्यान खींचने के लिए बड़ा कदम उठाया। छात्राएं स्कूल से करीब 30 किलोमीटर दूर अंबिकापुर कलेक्टोरेट तक पैदल ही निकल पड़ीं।

करीब 6 किलोमीटर चलने के बाद जब इसकी जानकारी प्रशासन को मिली तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में बस भेजकर छात्राओं को कलेक्टोरेट लाया गया।

बेहोश होकर गिरी छात्रा
कलेक्टोरेट पहुंचने के बाद छात्राएं सीधे कलेक्टर अजीत वसंत से मुलाकात करने पर अड़ी रहीं। इसी दौरान तनाव और थकान के चलते एक छात्रा अचानक बेहोश होकर गिर गई। उसे तत्काल एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।

तीन महीने से हॉस्टल में बिजली नहीं होने का आरोप
छात्राओं ने आरोप लगाया कि हॉस्टल में पिछले तीन महीने से बिजली की समस्या बनी हुई है। इसके अलावा मेस में साफ-सफाई की स्थिति खराब है और फिजिक्स के साथ केमिस्ट्री की कक्षाएं नियमित रूप से नहीं लग रही हैं। छात्राओं का कहना है कि उन्होंने पहले भी प्राचार्य और स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर शिकायत की थी, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। इसी नाराजगी के चलते छात्राओं ने पैदल अंबिकापुर जाने का फैसला किया।

अफसरों ने समझाने की कोशिश की
छात्राओं के मार्च की जानकारी मिलते ही आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ललित शुक्ला बैलकोटा पहुंचे। उन्होंने छात्राओं को समझाने की कोशिश की और प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया। कुछ शिक्षकों ने भी छात्राओं को रोकने का प्रयास किया, लेकिन छात्राएं किसी अन्य अधिकारी से बातचीत के लिए तैयार नहीं हुईं और कलेक्टर से ही मिलने की मांग करती रहीं। जहां शिक्षकों ने छात्राओं के किसी के बहकावे में आने की बात कही, वहीं छात्राओं ने स्पष्ट कहा कि वे बिना किसी दबाव के अपनी बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन तक पहुंची हैं।

कलेक्टर ने दिए तत्काल समाधान के निर्देश
कलेक्टोरेट में बातचीत के बाद छात्राओं को बस से वापस हॉस्टल भेज दिया गया। कलेक्टर अजीत वसंत ने छात्राओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए बिजली व्यवस्था तत्काल सुधारने के निर्देश दिए हैं। शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था करने और मेस की साफ-सफाई तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि बिजली, शिक्षकों की कमी और मेस की साफ-सफाई से जुड़ी समस्याओं का तत्काल समाधान कराया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments