Homeछत्तीसगढ़विश्व पर्यावरण दिवस पर मुख्यमंत्री साय ने शुरू किया ‘एक पेड़ मां...

विश्व पर्यावरण दिवस पर मुख्यमंत्री साय ने शुरू किया ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान, लगाया बरगद का पौधा

रायपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित राजीव स्मृति वन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान 2026-27 का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने बरगद का पौधा रोपित कर अभियान की शुरुआत की और प्रदेशवासियों से इसे जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किया गया ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान केवल पौधरोपण कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष प्रदेश में तीन करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन जनसहभागिता के बल पर साढ़े तीन करोड़ से अधिक पौधे रोपित किए गए।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस वर्ष भी प्रदेशवासी निर्धारित लक्ष्य से अधिक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के अभियान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। उन्होंने आदिवासी समाज की प्रकृति संरक्षण परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जनजातीय समुदाय सदियों से जंगल, जल और जमीन के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं।

वन मंत्री केदार कश्यप ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जन आंदोलन बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश को लगातार राष्ट्रीय स्तर पर वन और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सम्मान मिल रहा है, जो सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ राज्य जैव विविधता बोर्ड द्वारा प्रकाशित कई पुस्तकों का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण और जनहित के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों का सम्मान किया गया। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments