Homeछत्तीसगढ़धमतरी में दो बड़े मुद्दों पर सियासत गरम: पेंशन भुगतान में देरी...

धमतरी में दो बड़े मुद्दों पर सियासत गरम: पेंशन भुगतान में देरी और अवैध रेत उत्खनन को लेकर कांग्रेस का हमला

धमतरी। जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन और अवैध रेत उत्खनन के मुद्दे पर कांग्रेस ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। एक ओर वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन के भुगतान में कथित देरी को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जिले में जारी अवैध रेत उत्खनन को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं।

कुरूद के पूर्व विधायक लेखराम साहू ने दावा किया है कि सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत मिलने वाली पेंशन का भुगतान पिछले लगभग छह माह से प्रभावित है। उन्होंने कहा कि हजारों हितग्राही अपनी पेंशन की राशि का इंतजार कर रहे हैं और समाज कल्याण विभाग के कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। साहू के अनुसार यह राशि वृद्ध, विधवा और दिव्यांग हितग्राहियों के लिए जीवनयापन का प्रमुख आधार है। भुगतान में देरी के कारण दवाइयों, भोजन और अन्य जरूरी खर्चों पर असर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के करीब 19 लाख हितग्राहियों को समय पर लाभ नहीं मिल पा रहा है और सरकार को वैकल्पिक व्यवस्था कर लंबित राशि का भुगतान करना चाहिए।

अवैध रेत उत्खनन और परिवहन को लेकर प्रशासन पर बोला हमला 
वहीं जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण को लेकर प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि महानदी के तटीय क्षेत्रों में नियमों की अनदेखी कर बड़े पैमाने पर रेत निकाली जा रही है। श्री चंद्राकर ने दावा किया कि ग्राम खरेंगा स्थित श्मशान घाट क्षेत्र में हुई अवैध खुदाई के दौरान मानव अस्थियां और नरकंकाल बाहर आ गए, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

कांग्रेस ने प्रशासन पर औपचारिकता निभाने का लगाया आरोप 
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि प्रशासन छोटे वाहनों पर कार्रवाई कर औपचारिकता निभा रहा है, जबकि बड़े रेत सिंडिकेट पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही। पार्टी ने दोनों मामलों में त्वरित समाधान की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल दोनों मुद्दों पर प्रशासन की विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments