Homeछत्तीसगढ़CM साय ने मुंगेली जिले को दी 353 करोड़ के विकास कार्यों...

CM साय ने मुंगेली जिले को दी 353 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, रेललाइन को लेकर बोले- थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा, सभी जिलों तक पहुंचेगी रेल सुविधा

मुंगेली। सुशासन तिहार 2026 लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में रविवार को मुंगेली पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करीब तीन घंटे देरी से कार्यक्रम स्थल पहुंचे। मंच पर पहुंचते ही मुख्यमंत्री ने आमजनता से खेद व्यक्त करते हुए क्षमा याचना की। उन्होंने कहा कि लगातार अलग-अलग जिलों में कार्यक्रमों की व्यस्तता के कारण देरी हुई। देर रात तक चले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी।

नजुल भूमि पर पट्टा देने का भरोसा

नगरीय निकाय चुनाव के दौरान नजुल भूमि पर योजना और पट्टा वितरण के वादे को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस दिशा में काम करेगी और पात्र लोगों को पट्टा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों की मांगों को गंभीरता से लिया जा रहा है।

रेल लाइन पर बोले- सभी जिलों तक पहुंचेगी रेलवे

मुंगेली में रेल लाइन की लंबे समय से चली आ रही मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे बजट में 21 गुना वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में वर्तमान में 47 हजार करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशन विश्वस्तरीय बनाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा, लेकिन आने वाले समय में सभी जिलों तक रेल लाइन पहुंचेगी।

दसवीं-बारहवीं रिजल्ट की सराहना

शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए पेंड्रा जाना पड़ने की समस्या पर पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष मुंगेली जिले का दसवीं और बारहवीं का परीक्षा परिणाम बेहद अच्छा रहा है। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने का जिक्र करते हुए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का चरणबद्ध तरीके से समाधान किया जाएगा।

353 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस दौरान मुंगेली जिले को 353 करोड़ 58 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 152 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 284 कार्यों का लोकार्पण और 201 करोड़ रुपये से अधिक के 130 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। कार्यक्रम डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन मौजूद रहे।

सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और जल योजनाओं को मजबूती

कार्यक्रम में सड़क निर्माण, स्वास्थ्य केंद्र, जल जीवन मिशन, छात्रावास, सामुदायिक भवन, आंगनबाड़ी भवन, अमृत सरोवर, तालाब सौंदर्यीकरण, पुल निर्माण और एसटीपी सहित कई विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री ने स्वामी आत्मानंद विद्यालयों का वर्चुअल लोकार्पण भी किया।

महापुरुषों की प्रतिमाओं का अनावरण

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम से पहले शहर के विभिन्न चौक-चौराहों में स्थापित महापुरुषों और संतों की प्रतिमाओं का अनावरण एवं माल्यार्पण किया। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर, बाबा गुरु घासीदास, महाराणा प्रताप और भक्त माता कर्मा की प्रतिमाओं को नमन करते हुए कहा कि महापुरुषों के आदर्श समाज को नई दिशा देते हैं और नई पीढ़ी को प्रेरित करते हैं।

कई घोषणाएं भी कीं

मुख्यमंत्री ने वीरांगना रानी दुर्गावती प्रतिमा स्थापना के लिए 25 लाख रुपये, पोस्ट मैट्रिक छात्रावास भवन, मेला नवागांव में बाउंड्रीवाल एवं प्रवेश द्वार निर्माण तथा सीसी रोड निर्माण के लिए राशि देने की घोषणा की। साथ ही चिकित्सा महाविद्यालय की मांग को पूरा करने का आश्वासन भी दिया।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन, विधायक पुन्नूलाल मोहले, धरमलाल कौशिक, समेत कई दिग्गज जनप्रतिनिधियों ने सीएम साय के साथ शिरकत की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments