Saturday, September 26, 2026
Homeदेश विदेशसीएम योगी के हस्तक्षेप से 1076 हेल्पलाइन कर्मचारियों को बड़ी राहत, वेतन...

सीएम योगी के हस्तक्षेप से 1076 हेल्पलाइन कर्मचारियों को बड़ी राहत, वेतन वृद्धि पर बनी सहमति

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीएम हेल्पलाइन 1076 से जुड़े कर्मचारियों की ओर से वी-विन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के खिलाफ की गई शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों के वेतन संबंधी मुद्दों और कार्यस्थल की समस्याओं का तत्काल और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

सीएम के निर्देश पर शुरू हुई कार्रवाई

सीएम योगी ने यूपीडेस्को की प्रबंध निदेशक को निर्देश दिया कि पूरे प्रकरण की गहन समीक्षा कर कंपनी स्तर पर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई कराई जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। निर्देश मिलते ही प्रबंध निदेशक ने संबंधित कंपनी के शीर्ष प्रबंधन से स्थिति स्पष्ट करने को कहा और उच्चस्तरीय वार्ता शुरू हुई।

कंपनी ने माना कर्मचारियों का पक्ष

मुख्यमंत्री स्तर से हुए सख्त हस्तक्षेप के बाद कंपनी प्रबंधन को कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाना पड़ा। कंपनी ने कर्मचारियों की प्रमुख मांगों को स्वीकार करते हुए वेतन वृद्धि पर सहमति दे दी। साथ ही कार्यस्थल की सुविधाओं में सुधार करने पर भी हामी भरी।

नेहा जैन ने दी जानकारी

यूपीडेस्को की प्रबंध निदेशक नेहा जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में पूरे प्रकरण की गंभीरता से समीक्षा कराई गई है। कंपनी प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कर्मचारियों के वेतन संबंधी मुद्दों का समाधान प्राथमिकता पर किया जाए और कार्यस्थल पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

भविष्य में निगरानी के निर्देश

उन्होंने कहा कि कार्मिकों के हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में इस प्रकार की स्थिति न उत्पन्न हो, इसके लिए सतत निगरानी की जाएगी। त्वरित कार्रवाई के चलते स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई और कर्मचारी पुनः अपने कार्य पर लौट आए।

कर्मचारियों ने जताया आभार

कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के इस निर्णायक हस्तक्षेप की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया और कहा कि समय पर लिए गए निर्णय से उनकी समस्याओं का समाधान संभव हुआ।

कर्मचारियों की प्रतिक्रिया

कर्मचारी हिमांशु विक्रम ने कहा, “हम सभी कर्मचारियों की समस्याओं को जिस गंभीरता से मुख्यमंत्री योगी ने सुना और तत्काल प्रभाव से समाधान के निर्देश दिए, वह हमारे लिए बहुत राहत देने वाला है। लंबे समय से चले आ रहे वेतन संबंधी मुद्दों पर अब सकारात्मक निर्णय हुआ है।”

कर्मचारी विकास यादव ने कहा, “मुख्यमंत्री योगी के त्वरित हस्तक्षेप से हमारी समस्याओं का समाधान हुआ है। वेतन संबंधी मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय के बाद स्थिति सामान्य हो गई है।”

कर्मचारी अंकित शुक्ला ने कहा, “माननीय मुख्यमंत्री जी ने हमारी बात को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई कराई, जिससे हमारी समस्याओं का समाधान संभव हुआ। कंपनी द्वारा वेतन संबंधी मांगों पर सहमति बनने के बाद अब कार्यस्थल का माहौल भी बेहतर हुआ है।” (इनपुट: आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments