Homeदेश विदेशलोकसभा में मोदी के भाषण के दौरान राहुल व प्रियंका अपराध बोध...

लोकसभा में मोदी के भाषण के दौरान राहुल व प्रियंका अपराध बोध के कारण मौजूद नहीं थे : भाजपा

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा दोनों वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भाषण के दौरान ‘अपराधबोध’ के कारण लोकसभा से अनुपस्थित रहे क्योंकि मोदी ने उनकी पार्टी और गांधी परिवार को बेनकाब कर दिया था.

भाजपा सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि लोकसभा में चर्चा की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि किस प्रकार मुहम्मद अली जिन्ना को ‘खुश’ करने के लिए वंदे मातरम् के मूल संस्करण को जवाहरलाल नेहरू के ‘‘इशारे पर छोटा’’ कर दिया गया और “विभाजन का यह बीज” जो उन्होंने उस समय बोया, बाद में “अल्पसंख्यकों को खुश करने” के लिए भारत के विभाजन का कारण बना.

पात्रा ने आरोप लगाया, ”शायद यही वजह है कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा ऐसे अहम दिन पर सदन से अनुपस्थित थे जब वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर चर्चा में प्रधानमंत्री बोल रहे थे.” उन्होंने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा, “वे अपने मन में अपराध बोध की भावना के कारण अनुपस्थित थे क्योंकि उनके अपने परिवार ने धोखा दिया और वंदे मातरम् के साथ विश्वासघात किया. वे जानते थे कि वे इसे सहन नहीं कर पाएंगे.” लोकसभा में वंदे मातरम् पर चर्चा की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर सामाजिक सौहार्द की आड़ में राष्ट्रीय गीत के टुकड़े-टुकड़े करने का आरोप लगाया और कहा कि वह अब भी तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है.

मोदी ने नेहरू द्वारा सुभाष चंद्र बोस को लिखे एक पत्र का हवाला दिया और दावा किया कि पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा था कि वंदे मातरम् की पृष्ठभूमि मुसलमानों को नाराज कर सकती है. उन्होंने कहा कि यह पत्र लखनऊ में मोहम्मद अली जिन्ना के विरोध के बाद लिखा गया था. पात्रा ने मोदी के भाषण को ‘ऐतिहासिक’ बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने वंदे मातरम् के प्रति कांग्रेस और उसके विश्वासघात को उजागर किया.

उन्होंने कहा, “आज, प्रधानमंत्री ने सदन को स्पष्ट रूप से बताया कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने जिन्ना को खुश करने के लिए ‘वंदे मातरम् को छोटा करने’ के दौरान विभाजन का जो बीज बोया था, वह बाद में अल्पसंख्यकों के तुष्टीकरण के कारण बड़ा हुआ और भारत के विभाजन का कारण बना.’’ पात्रा ने कहा, ‘‘उन्होंने (प्रधानमंत्री ने) कांग्रेस और गांधी परिवार को पूरी तरह बेनकाब कर दिया.” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सदन में जो कहा वह कांग्रेस की ”नींव को हिला देगा.” अपने भाषण में, कांग्रेस सदस्य प्रियंका गांधी वाद्रा ने सरकार पर ‘वंदे मातरम्’ को विवादित करने का आरोप लगाया और दावा किया कि ज्वलंत मुद्दों से ध्यान भटकाने एवं कुछ महीने बाद होने वाले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के चलते राष्ट्रीय गीत पर सदन में चर्चा कराई गई है. प्रियंका गांधी का कहना था कि सत्तापक्ष को पंडित जवाहरलाल नेहरू पर बार-बार आरोप लगाने के बजाय इस पर संसद में चर्चा करा लेनी चाहिए ताकि एक ही बार सारी बातें हो जाएं और यह पूरा अध्याय हमेशा के लिए खत्म हो तथा बेरोजगारी, महंगाई और दूसरी चुनौतियों पर चर्चा हो.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments