Homeदेश विदेशकेरल में एसआईआर का विरोध करेंगे: प्रियंका गांधी

केरल में एसआईआर का विरोध करेंगे: प्रियंका गांधी

वायनाड. कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी केरल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध करेगी, जिस तरह उसने संसद के अंदर और बाहर किया है. राज्य की वायनाड लोकसभा सीट से सांसद प्रियंका केरल समेत कई राज्यों में एसआईआर की कवायद करने के निर्वाचन आयोग के कदम के बारे में संवाददाताओं के प्रश्नों का उत्तर दे रही थीं.

कांग्रेस महासचिव ने कहा, ”निर्वाचन आयोग केरल समेत अनेक राज्यों में मतदाता सूचियों के एसआईआर की योजना बना रहा है और हम इसका कड़ा विरोध करेंगे.” कांग्रेस सांसद ने कहा, ”उन्होंने (आयोग ने) बिहार में जिस तरह इसे किया, हमने इसके खिलाफ संसद में और उसके बाहर लड़ाई लड़ी. हम इसके खिलाफ हर जगह लड़ते रहेंगे.” उन्होंने इस कवायद को ”चुनाव में धोखाधड़ी करने का ही एकमात्र तरीका” करार देते हुए आरोप लगाया कि बिहार में जिस तरह एसआईआर किया गया, वह लोकतंत्र को कमजोर करता है.
प्रियंका गांधी ने कहा, ”हमने देखा है कि उन्होंने बिहार में क्या किया और वहां एसआईआर को कैसे लागू किया. अगर वे हर राज्य में ऐसा ही करने जा रहे हैं, तो यह लोकतंत्र का अपमान है और हमें इससे लड़ना होगा.” वह अपने संसदीय क्षेत्र में कई विकास परियोजनाओं के उद्घाटन के लिए वायनाड के दो दिवसीय दौरे पर आई हैं.

पार्टी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि बुधवार को उन्होंने मलप्पुरम जिले के एर्नाड में राजीव गांधी मेमोरियल सरकारी आयुर्वेद औषधालय के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया. एर्नाड उनके निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आता है. दिन के दौरान, उन्होंने सामुदायिक-आधारित दिव्यांगता प्रबंधन केंद्र (सीडीएमसी) का भी उद्घाटन किया – जिसके लिए राहुल गांधी ने स्थानीय क्षेत्र विकास निधि योजना के तहत 55 लाख रुपये आवंटित किए थे. उन्होंने वायनाड में कई अन्य विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया. पार्टी सूत्रों ने बताया कि वह सुबह करीपुर हवाई अड्डे पर पहुंचीं और सड़क मार्ग से वायनाड गईं.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments