Thursday, September 24, 2026
Homeदेश विदेशस्टील के गिलास में बम रखकर फोड़ने से युवक की मौत

स्टील के गिलास में बम रखकर फोड़ने से युवक की मौत

नोएडा/बीड. उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले की छिजारसी कॉलोनी में सोमवार रात को स्टील के गिलास में बम रखकर फोड़ने से घायल हुए 20 वर्षीय युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गयी. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि नोएडा सेक्टर 63 थानाक्षेत्र की छिजारसी कॉलोनी में रहने वाला युवक दीपावली की रात स्टील के गिलास के अंदर बम रखकर फोड़ रहा था कि इस दौरान जोरदार धमाके से गिलास के चिथड़े उड़ गए और स्टील के टुकड़े उसके शरीर में कई जगह घुस गये.

पुलिस के मुताबिक, युवक को अत्यंत गंभीर हालत में उपचार के लिए नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मंगलवार को मौत हो गई. थाना सेक्टर 63 के प्रभारी निरीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान शिवा के रूप में हुई है.

उन्होंने बताया कि शिवा एक बड़ा बम स्टील के गिलास के अंदर रखकर फोड़ रहा था और बम फटने से गिलास के टुकड़े-टुकड़े हो गए.
अधिकारी ने बताया कि स्टील के गिलास के कुछ टुकड़े युवक के शरीर में घुस गए और उसका बहुत खून बह गया. उन्होंने बताया कि गंभीर हालत में युवक को उपचार के लिए नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. अधिकारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.

बच्चे के हाथ में फटा पटाखा, एक आंख की रोशनी गई

महाराष्ट्र के बीड शहर में दीपावली उत्सव के दौरान हाथ में पटाखा फटने से छह साल के बच्चे की एक आंख की रोशनी चली गई. उसका इलाज कर रहे चिकित्सक ने मंगलवार को यह जानकारी दी. यह घटना सोमवार शाम को तब हुई जब शहर की नागोबा गली का रहने वाला बच्चा पटाखा जला रहा था.

बाईं आंख में गंभीर चोट के बाद बच्चे को पहले बीड के सिविल अस्पताल ले जाया गया था और बाद में बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया. निजी अस्पताल के एक चिकित्सक ने कहा, “विस्फोट के कारण बच्चे का कॉर्निया पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और उसकी एक आंख की रोशनी चली गई.”

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments