Homeछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ : सुरक्षा बल के शिविर पर माओवादियों ने की गोलीबारी, दो...

छत्तीसगढ़ : सुरक्षा बल के शिविर पर माओवादियों ने की गोलीबारी, दो महिलाएं और दो जवान घायल

दंतेवाड़ा. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में माओवादियों ने बुधवार देर रात सुरक्षा बलों के शिविर पर हमला कर दिया. इस घटना में दो जवान और दो महिला मजदूर घायल हुए हैं. पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हिरोली गांव स्थित शिविर में बुधवार रात करीब 10:30 बजे माओवादियों ने गोलीबारी की. इस घटना में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के आरक्षक सलीम लकड़ा और किशन सूर्यवंशी तथा शिविर निर्माण स्थल में मजदूर के रूप में काम कर रही दो महिलाएं दुले हेमला और बुदरी ताती घायल हुए हैं.

उन्होंने बताया कि पश्चिम बस्तर डिवीजन के संदिग्ध माओवादियों ने बुधवार रात हिरोली शिविर के आसपास के इलाके में गोलीबारी की. माओवादियों ने करीब 40 मिनट तक गोलीबारी की और लगभग 15 गोले भी दागे. इनमें से सात गोलों में विस्फोट हुआ. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिविर पर गोलीबारी के बाद शिविर में मौजूद सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की. दोनों ओर से गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए.

उन्होंने बताया कि माओवादियों की गोलीबारी से जवानों और महिलाओं के घायल होने के बाद उन्हें रात में ही उपचार के लिए दंतेवाड़ा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. सभी घायलों को सामान्य चोट पहुंची है तथा सभी की हालत खतरे से बाहर है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद अतिरिक्त सुरक्षा बल शिविर पहुंच गया था तथा इलाके में खोजी अभियान चलाया जा रहा है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments